
चेहरे की खूबसूरती केवल बाहरी आकर्षण तक सीमित नहीं होती, बल्कि स्वस्थ और चमकदार त्वचा हमारे व्यक्तित्व का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। बढ़ती उम्र, प्रदूषण, तनाव और बदलती जीवनशैली का असर सबसे पहले त्वचा पर दिखाई देने लगता है। ऐसे में त्वचा की नियमित सफाई और देखभाल जरूरी हो जाती है। फेशियल त्वचा की गहराई से सफाई करने, उसे नमी देने और तरोताजा बनाए रखने में मदद करने वाली एक लोकप्रिय सौंदर्य प्रक्रिया है। हालांकि, फेशियल का चुनाव त्वचा के प्रकार और उसकी जरूरत के अनुसार करना चाहिए।
उम्र का प्रभाव सबसे अधिक हमारी त्वचा पर पड़ता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, त्वचा की स्निग्धता व ताजगी में कमी आने लगती है इसलिए 25 वर्ष की आयु के बाद त्वचा को विशेष देखभाल की जरूरत होती है जिसमें सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण है फेशियल जो त्वचा को स्वस्थ व सुंदर बनाता है। फेशियल त्वचा की सफाई करता है व त्वचा की नमी को बनाए रखता है।
फेशियल करते समय रक्त संचार बढ़ता है व नए स्किन सेल्स का निर्माण होता है। यही नहीं, फेशियल चेहरे की मांसपेशियों को टोन करता है, इसलिए 15 दिन में एक बार फेशियल अवश्य करवाएं।
Read this also – त्वचा और सौंदर्य निखार/Skin and beauty enhancement

त्वचा के अनुसार चुनें सही फेशियल
फेशियल भी विभिन्न प्रकार के होते हैं। अपनी ब्यूटीशियन से राय लेकर अपनी त्वचा के अनुरूप फेशियल का चयन करें। फेशियल में थर्मोहर्ब फेशियल का प्रयोग आजकल अधिक हो रहा है। इस फेशियल में आम फेशियल की तरह मसाज करने के उपरांत थर्मोहर्ब मास्क लगाया जाता है जो त्वचा की क्लीजिंग तो करता ही है, साथ ही रोम छिद्रों को टाइट करता है। अगर आपके चेहरे पर झुर्रियां बहुत अधिक हैं तो यह फेशियल आपके लिए फायदेमंद है।
आजकल अरोमाथेरेपी फेशियल का प्रयोग भी बढ़ गया है। त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार तेलों में कई औषधीय गुण छिपे हुए हैं। अरोमाथेरेपी में प्राकृतिक व औषधीय गुणों से भरपूर तेलों का प्रयोग होता है जिससे न केवल त्वचा में नई चमक आती है बल्कि थकावट व तनाव भी दूर होता है। अरोमाथेरेपी में इन तेलों का प्रयोग मसाज के लिए किया जाता है। इन तेलों में आंतरिक शक्ति होती है और इन तेलों के प्रयोग से मानसिक शांति भी मिलती है। इन तेलों के प्रयोग से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता और रक्त संचार में सुधार आता है व ये त्वचा के ऊतकों का निर्माण करते हैं।
अलग-अलग जरूरतों के लिए अलग फेशियल
अगर त्वचा की नमी में कमी आ गई है तो गैल्वनिक फेशियल उपयुक्त है। इसमें गैल्वनिक उपकरण का प्रयोग होता है जिससे त्वचा में पानी में घुल जाने वाले पदार्थ सम्मिलित कर गैल्वनिक करंट द्वारा त्वचा में घुल-मिल जाते हैं।
फ्लावर पावर फेशियल और फ्रूट फेशियल का भी प्रयोग बढ़ रहा है। फ्लावर पावर फेशियल में फूलों के सत और फ्रूट फेशियल में फलों से युक्त क्रीमों का प्रयोग किया जाता है।
इसके अतिरिक्त गोल्ड फेशियल में ऐसी फेशियल क्रीम का प्रयोग किया जाता है, जिसमें 24 कैरेट गोल्ड मिला हुआ होता है जो त्वचा में आसानी से जाकर त्वचा की कोशिकाओं में सुधार करता है।
निष्कर्ष
फेशियल त्वचा को साफ, तरोताजा और नमी युक्त बनाए रखने में मदद कर सकता है, लेकिन हर त्वचा के लिए एक ही प्रकार का फेशियल उपयुक्त नहीं होता। त्वचा की प्रकृति और जरूरत को समझकर ही फेशियल का चुनाव करना बेहतर है। नियमित त्वचा देखभाल के साथ संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और स्वस्थ जीवनशैली भी त्वचा की खूबसूरती बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सही देखभाल के साथ स्वस्थ त्वचा लंबे समय तक चेहरे की प्राकृतिक चमक और आकर्षण को बनाए रख सकती है।
Read this also – त्वचा की देखभाल/skin care
लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है। यदि आपको यह लेख पसंद आया हो, तो इसे अधिक से अधिक शेयर करें और अपने विचार व सुझाव कमेंट बॉक्स में अवश्य लिखें।


