
राजस्थान के सांभर में पर्यटन का जश्न पूरे उत्साह के साथ शुरू हो गया है। उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को झपोक में पांच दिवसीय सांभर महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम 27 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर आशीष कुमार, सांभर एसडीएम ऋषि राज कपिल और पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित रहे। राजस्थान पर्यटन विभाग, जयपुर जिला प्रशासन और सांभर नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में इस महोत्सव का आयोजन किया गया है।
पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत
दिया कुमारी ने दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के बीच महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न क्राफ्ट और फूड स्टॉल का निरीक्षण किया और कलाकारों व हस्तशिल्पियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने डाक कार्ड का विमोचन किया तथा पतंग प्रदर्शनी और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों और स्थानीय प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का आयोजन पिछले वर्ष की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक है और आने वाले वर्षों में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का महोत्सव बनाया जाएगा। सांभर अब तेजी से देश और विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा पर्यटन स्थली बनता जा रहा है।
सांभर की अनोखी प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान
दिया कुमारी ने कहा कि सांभर का प्राकृतिक सौंदर्य इसे राजस्थान के अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान देता है। विशाल नमक झील, खुले मैदान और अद्भुत सूर्यास्त यहां आने वाले पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करते हैं। सर्दियों के मौसम में यूरोप और उत्तरी एशिया से आने वाले प्रवासी पक्षी, विशेष रूप से ग्रेटर फ्लेमिंगो, यहां आकर्षण का केंद्र रहते हैं। सरकार द्वारा पर्यटकों की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और सड़क कनेक्टिविटी के साथ-साथ अन्य सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है।

पर्यटकों से अपील: सांभर को बनाएं ग्लोबल पहचान
पर्यटन मंत्री ने पर्यटकों से अपील की कि वे सांभर की खूबसूरती, लोक कलाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लें। जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोग यहां आएं और सांभर के पर्यटन स्थलों को नजदीक से देखें। उन्होंने कहा कि पर्यटक अपने अनुभवों की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करें, जिससे सांभर को वैश्विक स्तर पर पहचान मिले और यहां का पर्यटन और अधिक विकसित हो सके।
Read this also – छठ पूजा का महत्व/Importance of Chhath Puja
रोमांचक गतिविधियां और विविध आकर्षण
सांभर महोत्सव में कला एवं शिल्प स्टॉल, फोटोग्राफी प्रदर्शनी, फूड कोर्ट, पतंग प्रदर्शनी और उड़ान जैसे आकर्षण पर्यटकों को खूब लुभा रहे हैं। पर्यटक घोड़े, ऊंट और ऊंट गाड़ी की सवारी का आनंद ले रहे हैं। रोमांच पसंद करने वालों के लिए पैरा सेलिंग, पैरा मोटरिंग, पैरा ग्लाइडिंग, जीप सफारी, एटीवी राइड, हॉट एयर बैलून राइड और साइकिलिंग जैसी गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे पारंपरिक नृत्य और संगीत कार्यक्रम दर्शकों को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति से रूबरू करा रहे हैं।
अन्य प्रमुख आयोजन और धार्मिक गतिविधियां
महोत्सव के दौरान जीप और कार एडवेंचर रैली, नमक प्रसंस्करण यात्रा, पक्षी अवलोकन, नमक झील का भ्रमण, ट्रेन से नमक अभियान और तारे देखने जैसे विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही देवयानी तीर्थ सरोवर पर दीपोत्सव, महाआरती और दुर्गा झांकी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं। आयोजन से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और क्षेत्र के पर्यटन को नई दिशा मिल रही है।
प्री-वेडिंग शूट का पसंदीदा स्थल
उन्होंने बताया कि सांभर साल्ट लेक अब केवल ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि प्री-वेडिंग शूट, फोटोग्राफी और एस्ट्रो टूरिज्म के लिए भी पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है। महोत्सव के दौरान झापोक, सांभर साल्ट कैंपस, देवयानी तीर्थ सरोवर और मुख्य मेला स्थल प्रमुख गतिविधि केंद्र रहेंगे।

यह होगा आकर्षण
पांच दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक रंगों के साथ रोमांचक गतिविधियों का भी संगम देखने को मिलेगा। कला एवं शिल्प बाजार, स्थानीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी और फोटोग्राफी एग्जीबिशन राजस्थान की पहचान को उजागर करेंगे। आसमान में उड़ती रंग-बिरंगी पतंगें उत्सव का आकर्षण बढ़ाएंगी। वहीं पैरामोटरिंग, पैरासेलिंग, एटीवी राइड और एडवेंचर बाइक राइड्स युवाओं के लिए खास आकर्षण होंगी।
प्रकृति प्रेमियों के लिए बर्ड वॉचिंग टूर, साल्ट लेक भ्रमण और नमक उत्पादन प्रक्रिया के गाइडेड टूर आयोजित किए जाएंगे। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रुचि रखने वाले पर्यटक दीपोत्सव, महाआरती और धार्मिक स्थलों की विशेष रोशनी का आनंद ले सकेंगे।
Read this also – दीपोत्सव का धार्मिक महत्व/Religious significance of Deepotsav
महोत्सव में लोक कलाकारों की स्ट्रीट परफॉर्मेंस, सेलेब्रिटी नाइट्स, हेरिटेज वॉक, साइक्लिंग टूर, ऊंट और घुड़सवारी तथा बच्चों के लिए विशेष किड्स जोन भी रहेगा, जिससे यह आयोजन पूरी तरह परिवारिक और सर्वसमावेशी बनेगा। पर्यटन विभाग के अनुसार सांभर महोत्सव 2025 से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और राजस्थान की पहचान एक अनुभव आधारित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में और सशक्त होगी।
यह लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है लेख पसंद आये तो इसे ज़्यादा से ज्यादा शेयर कर्रे| अपने विचार और सुझाव कमेंटबॉक्स में ज़रूर लिखे|


