
मकर संक्रांति भी हमारे लिए उत्सव है। इसी दिन सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है। पौष मास में सूर्य का मकर राशि में आगमन पर्व का प्रयोजन बन जाता है। ऐन इसी दिन सूर्य की उत्तरायण गति प्रारंभ होती है। इसी से इसे उत्तरायणी भी कहते हैं।

स्नान दान का पुण्य पर्व मकर संक्रांति
- आरंभ आनंद का उत्स है और आनंद उत्सव का पर्याय व प्रसंग। अनादिकाल से हम भारतीय उत्सवप्रिय हैं। उत्सवप्रिया: भारतीया:।
- उत्सव हमें आनंदित करते हैं और हम जब आनंदित होते हैं, तो उत्सव मनाते हैं। हमारी रुचि शोकांतिकाओं में नहीं, कामुदी में है।
- जीवन का प्रारंभ। ऋतु का प्रारंभ। वर्ष का प्रारंभ। सब हमारे लिए उत्सव हैं। मकर संक्रांति भी हमारे लिए उत्सव है।
- इसी दिन सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है।
- पौष मास में सूर्य का मकर राशि में आगमन पर्व का प्रयोजन बन जाता है।
- ऐन इसी दिन सूर्य की उत्तरायण गति प्रारंभ होती है। इसी से इसे उत्तरायणी भी कहते हैं।
Read this also – श्रीराम का पुनरागमन अयोध्या में दिवाली
पैन इंडियन पर्व
- उत्तर भारत में जो मकर संक्रांति या उत्तरायण या उत्तरायणी है, तमिलनाडु में वह पोंगल है। कर्नाटक, आंध्र और केरल में वह संक्रांति है, तो असम में बिहू।
- पश्चिम बंगाल में वह पौष संक्रांति है, तो काश्मीर घाटी में शिशुर संक्रांत। हरियाणा, हिमाचल और पंजाब में इसे माघी कहते हैं।
- उत्तर प्रदेश और बिहार समेत बड़े भूभाग में खिचड़ी। सही अर्थों में यह पैन-इंडियन पर्व है।
- पैन-इंडियन क्यों, सही मायने में वृहत्तर भारत या भारतीय उपमहाद्वीप का पर्व।
भारत से बाहर भी उत्सव

- इसे नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमार, थाईलैंड, लाओस, कम्बोडिया और मलेशिया आदि देशों में भी मनाते हैं।
- कहीं वह पौष संक्रांति है, कहीं माघी या खिचड़ी संक्रांति।
- कहीं वह सोंङगकरन है, तो कहीं पि मा लाओ।
- कहीं वह थिंङयान है, तो कहीं मोहा संग्रकान या उझवर तिरुनल।
अनूठा पर्व मकर संक्रांति
- समष्टि से व्यष्टि के जुड़ाव का अनूठा पर्व है मकर संक्रांति। इस दिन हम सूर्य को नैवेद्य चढ़ाते हैं।
- सूर्य हम सौर मण्डलवासियों का पिता है। ऊर्जा का अजस्र स्रोत।
लोकमान्यताएँ
- मान्यता है कि 14 जनवरी अर्थात मकर संक्रांति से पृथ्वी पर अच्छे दिनों की शुरुआत होती है।
- पहले तत्कालीन पंचांगों के अनुरूप इसे 12 या 13 जनवरी को मनाते थे, किन्तु विषुवतों के अग्रगमन के फलस्वरूप अब 14-15 जनवरी को मनाते हैं।
Read this also – शत्रुंजय तीर्थ यात्रा कार्तिक पूर्णिमा से होती है प्रारंभ
मकर राशि में सूर्य का प्रवेश
इस दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है। अपनी धुरी पर अहर्निश घूम रही सिरों पर चपटी पृथ्वी का उत्तरी गोलार्द्ध इस दिन सूर्य की ओर मुड़ जाता है।
सूर्य की आराधना

- तरीके जुदा हो सकते हैं, रवायतें अलहदा, मगर इस दिन हर कहीं सूर्य की आराधना-उपासना होती है।
- इस नाते आस्था का अमृत-पर्व है मकर संक्रांति। सूर्य का उत्तर दिशा में अयन अर्थात गमन ही उत्तरायण है।
- यह खरमास की समाप्ति का दिन है। खरमास मांगलिक कार्यों की वर्जना का मास है। नामकरण, अन्नप्राशन, मुण्डन-यज्ञोपवीत, विवाह जैसे मांगलिक कार्यों का क्रम मकर संक्रांति से शुरू हो जाता है।
- मांगलिक कार्यों का प्रारंभ अपने आप में
- आनंद का बायस है। वह उल्लास के लोक में प्रवेश का पुण्य-प्रसंग है।
हर्ष और उमंग का पर्व

- यह उमंग भरा दिन है। आकाश में रंगबिरंगी पतंगे उड़ाने का दिन है।
- कामनाओं की पतंगें जब आसमान में परवान चढ़ती हैं, तो हृदय खुशियों से भर उठता है।
- अगर पेंच लड़ाने का शौक है तो क्या कहने? कनकौव्वे-बाज इस दिन की आतुरता से प्रतीक्षा करते हैं।
- इस दिन आकाश का सूनापन छंटता है। खगोल से मनुष्य का रोमांस आसमान में रोमांच सरसाता है।
तीर्थ स्थलों की ओर उमड़ती भीड़
- मकर संक्रांति की छटा और उल्लास नदियों के किनारे और संगम स्थलों पर देखते ही बनता है।
- इस दिन तीर्थ स्थलों में जनमेदिनी उमड़ पड़ती है।
नेपाल में मकर संक्रांति
- थारू समुदाय का नेपाल में बड़ा मान है। यह समुदाय इसे बड़ी उमंग से मनाता है।
- भारत की भांति नेपाल में भी स्नान और दान की परंपरा है। रुरुधाम और त्रिवेणी मेला ख्यात हैं।
Read this also – कार्तिक पूर्णिमा – देव दीपावली का पवित्र त्योहार
उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति
- माघ की महत्ता का उत्तरप्रदेश में क्या कहना। प्रयाग में गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम पर प्रतिवर्ष माघ मेला आयोजित होता है।
- मकर संक्रांति से प्रारंभ होकर यह एक माह चलता है।
- पुण्यसलिला त्रिपथगा में डुबकी लगाने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं।
- कड़कड़ाती शीत से लोगों की आस्था खंडित नहीं होती और न ही वह मज्जन के
- उत्साह में अवरोध उत्पन्न कर पाती है।
स्नान-ध्यान का महत्व

- हिन्दु संस्कृति में स्नान-ध्यान का बड़ा माहात्म्य है।
- माघ मेले का प्रथम स्नान मकर संक्रांति से शुरू होकर शिवरात्रि के अंतिम स्नान तक चलता है।
- मकर संक्रांति का पर्व प्रयाग में लघु भारत के अभिनव दर्शन का निमित्त बनता है।
- नदियों के किनारे यत्र-तत्र बड़े-बड़े मेले भरते हैं।
- गंगा स्नान कर तिल के व्यंजन ब्राह्मणों व पूज्यों को दान में देते हैं और स्वयं भी सेवन करते हैं।
- इस दिन खिचड़ी दान करने और खिचड़ी खाने की प्रथा है। आस्था की डोर से बंधे कोटि-कोटि जन इस परंपरा की सोल्लास निर्वाह करते हैं।
- रीत्यानुसार इस दिन नहाने के पानी में भी तिल के कुछ दाने डाल देते हैं।
- यही परंपरा बिहार-बंगाल में भी है। पुण्य कमाने के लिए उड़द, चावल, तिल, चिवड़ा, गौ, स्वर्ण, ऊनी वस्त्र, कंबल आदि दान किये जाते हैं।
- बंगाल में गंगासागर में विशाल मेला भरता है। अद्भुत चाक्षुष दृश्य दिखाई देता है।
Read this also – दिवाली पर इन अंधेरों में बिखेरें रोशनी
गंगासागर की महत्ता
- पौराणिक जनश्रुति है कि इसी दिन गंगा (भागीरथी) भगीरथ के पीछे-पीछे चलकर कपिल मुनि के आश्रम से होकर सागर में विलीन हो गयी थी।
- गंगासागर की अपार महत्ता का पर्याय है ‘सारे तीरथ बार-बार, गंगासागर एक बार।’
- ‘पर्व एक, परंपरा अनेक’ का द्योतक है मकर संक्रांति।
महाराष्ट्र में मकर संक्रांति

- इस प्रदेश में सौभाग्यवती स्त्रियों लिए इसका विशेष महत्व है।
- विवाहित स्त्रियां प्रथम संक्रांति पर अन्य सुहागिनों को दान देती हैं। परस्पर तिल-गुड़ बांटा जाता है।
- यह परंपरा इस पर्व अलग अर्थवत्ता देती है और द्युति भी।
- तिल-गुड़ देते समय उनका ‘तिल गुड़ घ्या, आणी गोड़-गोड़ बोला’ (तिल गुड़ लो और मीठा-मीठा बोलो) कहना संक्रांति को वाणी की मृदुता और मधुरता के संस्कार की वांछा से जोड़ता है।
तमिलनाडु में मकर संक्रांति

- मकर संक्रांति की आसेतु हिमालय प्रतिष्ठा का प्रमाण है कि तमिलनाडु में भी यह सोत्साह मनाया जाता है।
- अनवरत चार दिन मनाये जाते इस पर्व में पहला दिन भोगी पोंगल, दूसरा सूर्य पोंगल, तीसरा मट्टू पोंगल और चौथा व अंतिम दिन कन्या पोंगल होता है।
- इन चार दिनों के अनुष्ठान भी रोचक हैं और संबंधों की अंतरंगता के पोषक भी।
- प्रथम दिन कूड़ा-कर्कट इकट्ठा कर जलाते हैं। दूसरे दिन लक्ष्मी की आराधना कर तीसरे दिन पशुधन की पूजा की जाती है।
- अंतिम दिन आंगन में स्नान कर मिट्टी की हांडी में पकी खीर का सेवन करते हैं। यह खीर प्रसादम है।
- इस दिन बेटी-दामाद (जमाई राजा) का खूब स्वागत-सत्कार होता है।
Read this also – फेस्टिव सीजन का ट्रेंड लहंगा-चोली/ Festive season trend lehenga-choli
राजस्थान में मकर संक्रांति

- रंगरंगीलो राजस्थान में भी सुहागिनें संक्रांति की बाट जोहती है।
- नहान-ध्यान पूजार्चन के साथ ही ब्राह्मणों को मुक्तहस्त दान के साथ सासु-मां को ‘बायना’ देना यहां भी रीति है।
असम में मकर संक्रांति
- असम में इस पर्व का सौन्दर्य अनिर्वच होता है। वहां बिहू लोकपर्व है। रंगों और उमंगों का गतिज-पर्व।
- वहां इन दिनों नृत्य-संगीत की बांकी छटा देखते ही बनती है।
- लय-ताल से असम की धरती गतिमान हो उठती है बिहू के रंगीले-मोहक दिनों में।
कब शुरू हुआ
- कोई नहीं जानता कि मकर संक्रांति का पर्व कब शुरू हुआ? भारतीय मेधा इतिहास नहीं, काव्य रचती है।
- संभव है कि यह पर्व प्राक्-वैदिक काल में अस्तित्व में आया हो। बाद में इसमें मान्यताएं और रूढ़ियां जुड़ती गयीं।
- मिथकों ने इसे अलग अर्थवत्ता दी। भीष्म पितामह की इच्छा मृत्यु का प्रसंग भी इससे जुड़ा हुआ है।
- चिर कुमार भीष्म पितामह ने शर-शैय्या पर तभी प्राण त्यागे, जब सूर्य उत्तरायण में प्रवेश कर गया।
- संक्रांति पर गोलोकवासी होने से मोक्ष प्राप्ति की मान्यता है।
दान की महत्ता

- भारत में दान की अबाध और अक्षुण्ण परंपरा है। यम-नचिकेता प्रसंग के मूल में दान की कथा है।
- कर्ण की महत्ता शौर्य के साथ-साथ उसके दान में भी निहित है।
- सम्राट हर्ष तो मेले में अपना सर्वस्व दान कर देता था।
- कविवर नरोत्तमदास कह गये हैं : ‘ब्राह्मण को धन केवल भिच्छा (भिक्षा)।
- हिन्दु कर्मकाण्ड में जप, तप, दान, स्नान, श्राद्ध, तर्पण परस्पर संबद्ध है। ब्राह्मण को दान के बिना कर्मकाण्ड पूरे नहीं होते।
- धार्मिक मान्यता है कि संक्रांति पर दिये गये दान का प्रतिफल सौ गुना प्राप्त होता है। शुद्ध धृत और कंबल का दान मोक्ष यानी जन्म-मरण से मुक्ति की गारंटी है।
संदर्भित श्लोक है :
माघे मासे महादेव: यो दास्यति द्यृतकाम्बलम।
स: भुक्त्वा सकलान भोगान् अंते मोक्षं प्राप्यति।।
Read this also- गुरु नानक जयंती
ऊर्जा और सृजन का पर्व
- मकर संक्रांति के साथ अनेक अलौकिक वा पारलौकिक प्रसंग व मिथक जुड़े हुए हैं, किन्तु इसकी लौकिक महत्ता निर्विवाद है।
- सूर्य की संक्रमण क्रिया छह-छह मास के अंतराल पर होती है। इस दिन से रातें छोटी और दिन बड़े होने लगते हैं।
- रात्रि अंधकार, भय, जड़ता की प्रतीक हैं, तो दिन प्रकाश, जागृति और गति का पर्याय। दिन का बड़ा होना सकारात्मक लक्षण है।
- वह तमस से ज्योति की ओर अग्रसर होने का प्रस्थान-दिवस है। अधिक प्रकाश अर्थात प्राणियों में अधिक चेतना।
- अधिक आलोक। अधिक ऊर्जा। अधिक सृजन। अधिक सौन्दर्य। अधिक संतुष्टि। अधिक तृप्ति।
- यही वजह है कि मकर संक्रांति का आद्य-पर्व हमें ऊर्जस्वित करता है, गतिज ऊर्जा से माड़ता है और बरबस भावविभोर करता है।
- इस महादेश में पर्वों की कमी नहीं है। मकर संक्रांति हमारा अद्वितीय पर्व है। आदित्य की गति से जुड़ा महापर्व।
- हमारे पर्व हमारी वर्षचर्या और मनश्चर्या के अंग है। मकर संक्रांति जैसे पर्व हमारा ‘मनस’ यानी हमारी ‘साइक’ रचते हैं। स्नान, जप-तप, ध्यान और दान की महत्ता को हम भारतीय ‘चित्त’ से पृथक नहीं कर सकते।
- भयजन्य आस्था और फलप्रेरित विश्वास ने ऐसे कर्मकाण्डों की नींव रखी है, जिन्हें हम गतानुगतिक हो निभाते हैं।
Read this also – दीपक कौन से घी-तेल से जलाएँ
यह लेख सामान्य जानकारियों पर आधारित है। यदि यह लेख आपको पसंद आए तो इसे ज्यादा से ज्यादा शेयर करें। अपने सुझाव व विचार कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें।

