Wednesday, March 4, 2026
Homeप्रेरणाअध्यात्मजीवन उद्देश्य प्रारब्ध कर्म/Life Purpose, Destiny, and Karma

जीवन उद्देश्य प्रारब्ध कर्म/Life Purpose, Destiny, and Karma

जीवन उद्देश्य प्रारब्ध कर्म/Life Purpose, Destiny, and Karma

जीवन उद्देश्य प्रारब्ध कर्म/Life Purpose, Destiny, and Karma

कबीरदास जी के एक सुप्रसिद्ध भजन की पंक्तियाँ मुझे याद आ रही हैं-
आया था किस काम को, तू सोया चादर तान के।
सूरत सम्हाल ऐ गाफल, अपना आप पहचान रे।।
अर्थात् मनुष्य इस दुनिया में किस उद्देश्य से आया है, यह उसे भूलना नहीं चाहिए। अपनी वास्तविक पहचान को जानना चाहिए। अब होश में आ जाओ और अपने आप को पहचानो।
इस विषय पर विचार करना आवश्यक है कि मनुष्य इस दुनिया में किस काम को करने के लिए आया था? ऐसा क्या हुआ कि वह यहाँ आने के अपने उद्देश्य को भूल गया है? उसे ऐसा क्या करना चाहिए कि जिससे वह जागकर स्वयं को पहचान सके?
कबीरदास जी का यह निम्न दोहा हमें समझा रहा है –
आया था किस काम को, बैठा है किस काम।
तज कर मोह माया को, कर ले हरि का नाम।।

अर्थात् यह दोहा जीवन के उद्देश्य और नश्वरता पर आधारित हैं। यह हमें याद दिलाता है कि हम इस दुनिया में क्यों आए हैं? हमारा असली काम क्या है? यह सांसारिक मोहमाया अस्थायी है। इस सांसारिक मोह और माया का त्याग कर देना चाहिए और भगवान के नाम का जाप करना चाहिए।
यह दोहा हमें जीवन के वास्तविक अर्थ और उद्देश्य को समझने के लिए प्रेरित करता है। यह हमें बताता है कि हमें क्षणभंगुर सांसारिक कामों में नहीं उलझना चाहिए बल्कि ईश्वर की भक्ति पर ध्यान देना चाहिए।

चौरासी लाख योनियों में अपने पूर्वजन्म कृत कर्मों

चौरासी लाख योनियों में अपने पूर्वजन्म कृत कर्मों को भोगकर जीव मनुष्य का चोला धारण करता है। यह जन्म उसे ईश्वर को प्राप्त करने के लिए मिला है। वह तब तक बारबार जन्म लेता रहता है जब तक वह अपने परम लक्ष्य मोक्ष को प्राप्त नहीं कर लेता।
विद्वानों का कथन है कि जीव जब माता के गर्भ में होता है तब ईश्वर से नित्य प्रार्थना करता है कि मुझे इस अन्धेरे से बाहर निकालो और इस कष्ट से मुक्त करो। मैं सदा तुम्हें स्मरण करूँगा। परन्तु ज्योंहि जीव इस धरा पर अवतरित होता है त्योंहि उसे दुनिया की हवा लगने लगती है। वह ईश्वर से किए अपने सारे वादे भूल जाता है। फिर संसार के कारोबार में ऐसा रम जाता है कि वह इस संसार में आने के अपने उद्देश्य को किनारे कर देता है।

Read this also – श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा/Mathura, the birthplace of Lord Krishna

मनुष्य दुनिया में आकर बहुत स्वार्थी बन जाता

इस प्रकार जीव इस संसार के मकड़जाल में फंसकर ही रह जाता है और गफलत में जीवन जीने लगता है। दुनिया की रेस में भागते-भागते निढाल होता रहता है। उसे दीन-दुनिया किसी की भी खबर नहीं रहती। बस अपने और अपनों के इर्द-गिर्द घूमते रहना उसकी प्रकृति बन जाती है। ऐसे में उसे अपने किए गए वादों की याद नहीं आती।
मनुष्य दुनिया में आकर बहुत स्वार्थी बन जाता है। मनुष्य मृत्युपर्यन्त अपने स्वार्थों को पूरा करने के लिए अनेक यत्न करता है पर वे हैं कि सुरसा के मुँह की तरह बढ़ते जाते हैं। मनुष्य के लिए अपने दायित्वों को निभाना प्राथमिकता होती है। ईश्वर का नाम जपना मानो उसकी सूची में आगे सरकता रहता है।
बचपन में वह सोचता है कि अभी खेलने और पढ़ने की उम्र है। पहले अपने जीवन में सेटल हो जाऊँ फिर जवानी में ईश्वर को याद कर लूँगा। जब जवानी आती है तब घर-परिवार के दायित्वों का निर्वहण करने में वह बहुत अधिक व्यस्त हो जाता है। उस समय वह सोचता है कि बच्चे सेटल हो जाएँ, उनके शादी-ब्याह हो जाएँ तब फिर निश्चिन्त होकर मैं भगवान को याद करूँगा। वह अवस्था पार होने के बाद मनुष्य रिटायरमेंट की आयु में पहुँच जाता है और धीरे-धीरे अशक्त होने लगता है। तब शरीर उसका साथ नहीं देता और बीमारियाँ घेरने लगती हैं। उस अवस्था में भगवद् भजन फिर पीछे छूट जाता है।
उस समय वह खीज उठता है जब कोई उसे ईश्वर का स्मरण करने के लिए कहता है। वह उत्तर देता है कि मैं बीमारी से पहले लडूँ या भगवान को याद करने बैठ जाऊँ। यदि उसने स्वयं को याद ही कराना है तो पहले मुझे ठीक तो करे। यही सब करते हुए उसका अन्तकाल भी आ जाता है। उस समय वह पश्चाताप करता है, प्रभु से क्षमा याचना करता और जीवन का समय बढ़ाने के लिए मिन्नतें करता है। उस समय उसे पर भर की‌भी मोहलत नहीं मिल पाती।
अब कुछ नहीं हो सकता। अब तो वही बात हो जाती है- ‘अब पछताए होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत।’ अपना सारा जीवन मनुष्य तथाकथित रूप से ईश्वर से नजरें चुराता रहता है। उसकी बताई हुई सारी शिक्षाओं को भूलकर दुनिया की चकाचौंध में खो जाता है।
यदि अन्तकाल में प्रसन्नता से हम उस मालिक के पास जाना चाहते हैं तो अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा। समय व्यर्थ गॅंवाए बिना उस प्रभु की अराधना में जुट जाना चाहिए। दुनिया के सारे कार्य व्यवहार स्वतः ही पूर्ण होते जाएँगे।

जीवन उद्देश्य प्रारब्ध कर्म/Life Purpose, Destiny, and Karma

 प्रारब्ध के कर्म

प्रत्येक मनुष्य अपने जीवन में प्रारब्ध कर्मों का शुभ या अशुभ फल अवश्य भोगता है, इसमें कदाचित कोई संदेह नहीं। यह बात तब सत्य प्रतीत होती है, जब यकायक ऐसी घटनाएं घटित हो जाती हैं कि मनुष्य उनके आगे बेबस सा नजर आता है या ऐसा कुछ पा जाता है और सोचता है कि ऐसा कैसे हो गया। वे तो बहुत परोपकारी और अच्छे इंसान थे। कई घटनाएं इस तरह घटती हैं जैसे किसी का आकस्मिक निधन , अप्रत्याशित अपमान, आत्मीय जनों का बिछोह,हानि, विश्वासघात और अन्य प्रकार की क्षति कोई दुर्घटना या कोई बहुत बड़ा लाभ आदि।

हमारे शास्त्रों ने कर्मों को तीन श्रेणियों में बाँटा

जब अच्छा हो जाता है तो वह कुछ नहीं कहता। यदि बुरा हो जाता है तो वह ईश्वर को ही कठघरे में खड़ा करने लगता है, उसकी न्याय व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाने लगता है जबकि वह होता है प्रारब्ध कर्मों के अनुसार ही।
हमारे शास्त्रों ने कर्मों को तीन श्रेणियों में बाँटा है- क्रियमाण, संचित, प्रारब्ध। क्रियमाण कर्म वे होते हैं जो तत्काल फल देते हैं- इनका औचित्य भी समझ में आता है, जैसे विष खाया या कोई भी नशा किया उसका तत्काल असर हो गया।

शरीर के प्रतिकूल भोजन कर लापरवाही बरती तो बीमारियों ने घेर लिया। जो कर्म शरीर के किसी अंग द्वारा किए जाते हैं , उन्हें हम क्रियमाण कर्म कह सकते हैं।
दूसरे कर्म होते हैं हमारे संचित कर्म, जिनका फल तत्काल नहीं मिलता है लेकिन शास्त्र  कहते हैं कि यदि इन्हें अनुकूल वातावरण मिले तो शीघ्र फल भी मिल सकता है और यदि विपरीत कर्मों का सामना करना पड़े तो संचित कर्म का फल प्रभावहीन हो जाता है।

जैसे कि हम एक तरफ शुभ कार्य कर रहे हैं, दूसरी तरफ कुछ अशुभ तो संचित कर्मों का अच्छा फल नहीं मिलता। एक तरफ दिखावे के लिए हम ईश्वर की खूब पूजा करें, स्वाध्याय , परोपकार, सत्संग या तीर्थयात्राएं आदि करें और दूसरी तरफ घृणित कार्य भी करें, जैसे झूठ बोलें, हिंसा,अहंकार, द्वेष, कपट, विश्वासघात करें तो हमारे अच्छे कर्म भी हमें अच्छा फल नहीं दे सकते।
प्रत्येक मनुष्य के भाग्य का निर्माण उसके कर्म ही करते हैं।

Read this also – वाइब्रेशन : एक मौन भाषा/Vibration : A silent language

वह अपना भाग्यविधाता है। इसीलिए उसे जीवनभर शुभ कर्म करने में तत्पर रहना चाहिए। तीसरे हैं उसके प्रारब्ध के कर्म, जिनसे कोई महापुरुष भी नहीं बच सका। यकायक कुछ शुभ या अशुभ ऐसा हो जाता है कि विश्वास ही नहीं होता कि ऐसा हो भी सकता था। राजा रंक हो जाता है और रंक राजा।

प्रारब्ध के कर्मों का दुष्प्रभाव तप एवं पुरुषार्थ से कम तो किया जा सकता है, लेकिन उन्हें समाप्त नहीं कर सकते। बड़े- बड़े महापुरुषों ने भी अपने प्रारब्ध को हँस- हँस के भोगा है। पूर्व में भगवान राम, कृष्ण और वर्तमान में रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद, शंकराचार्य और लियो – टालस्टाय आदि ने।
सार यही है कि प्रत्येक मनुष्य को फल की इच्छा के बिना सतत शुभ कर्म करते रहना चाहिए। जो भी यकायक घट जाए, उसे सहजता से अपने ही कर्म का फल मानकर ईश्वर का धन्यवाद ज्ञापित करना चाहिए।

यह लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है लेख पसंद आये तो इसे ज़्यादा से ज्यादा शेयर कर्रे| अपने विचार और सुझाव कमेंटबॉक्स में ज़रूर लिखे|

– सारिका असाटी

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments