
विटामिन डी का सबसे बड़ा साधन धूप है जो महानगरों में आसानी से मिलती नहीं क्योंकि महानगरों में खुले स्थानों की कमी और लोगों के पास समय की कमी के कारण वे धूप नहीं सेंक पाते। सर्दियों में तो धूप का सेवन सुखद अहसास दिलाता है। धूप के सेवन से शरीर में उचित मात्रा से विटामिन डी बनेगा तो ही शरीर कैल्शियम जज्ब कर पाएगा।
धूप कब सेंकें और कैसे
धूप सेंकने का सही समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक सर्दियों में और गर्मियों में 8 बजे से 10-11 बजे तक है क्योंकि गर्मियों में आप अधिक समय तक तेज धूप में नहीं बैठ सकते। वैसे धूप सेंकने का सही समय तब होता है जब आपकी परछाई आपके कद से छोटी दिखे। विशेषज्ञों के अनुसार प्रतिदिन 45 मिनट तक धूप सेवन करना चाहिए। 45 मिनट की धूप एक दिन की जरूरत को पूरा करती है। इससे कम धूप में विटामिन डी तो मिल जाएगा पर शरीर उसे जज्ब नहीं कर पाएगा। धूप सेंकते समय गर्दन, कंधा, छाती,पीठ और चेहरा खुला रखें। कपड़ों या शीशे से छनकर आई धूप बहुत कम विटामिन डी का निर्माण करती है।
धूप सेवन के लाभ
- सूर्य हमें प्रकाश तो देता है साथ ही ऊष्मा भी प्रदान करता है। सर्दियों में सूर्य से मिली ऊष्मा शरीर के भीतर की ठंडक को दूर करती है और पित्त की कमी को दूर करती है।
- कैंसर रोगियों को धूप के सेवन का लाभ मिलता है। सूरज की किरणों से शरीर को कैंसर से लड़ने वाले तत्व मिलते हैं।
- सूर्य की किरणों से शरीर में सेल्स ज्यादा बनते हैं जो शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं।
- सूर्य की किरणों में ऐसे गुण होते हैं जिससे विभिन्न प्रकार के इंफेक्शनस का प्र्रभाव कम होता है।
- धूप सेंकने से त्वचा संबंधी लाभ मिलते हैं। खून साफ होता है।
- धूप के सेवन से हमारे शरीर में डिप्रेशन दूर करने वाले हार्मोन्स सेरेटॉनिन और एंडोफिन का पर्याप्त स्राव होता है जिससे मानसिक रूप से आप अधिक फिट रहते हैं और बॉडी क्लाक भी ठीक रहता है।
- शरीर की पाचन प्रणाली को सुचारू रखने में भी धूप का सेवन लाभप्रद होता है। इससे हमारी जठराग्नि सक्रिय होती है।
Read this also – अल्ज़ाइमर की देखभाल/Alzheimer’s Care

सावधानियां
- धूप सेंकते समय टोपी, मफलर, जुराब उतार कर बैठें ताकि धूप पूरी तरह शरीर को लग सके।
- अगर चेहरे पर धूप का सेवन आप सहन नहीं कर सकते तो पीठ करके बैठें ।
- 45-60 मिनट तक ही धूप का सेवन करें। अधिक समय तक धूप में बैठने से त्वचा एलर्जी का सामना करना पड़ सकता है और शरीर में डिहाइड्रेशन आदि की समस्या भी हो सकती है।
- त्वचा का रंग प्रभावी हो सकता है और स्किन टैनिंग का खतरा बढ़ सकता है।
- धूप में बैठते समय पानी का सेवन करते रहें।
लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है। यदि आपको यह लेख पसंद आया हो , तो इसे अधिक से अधिक शेयर करें और अपने विचार व सुझाव कमेंट बॉक्स में अवश्य लिखें।



